गायत्री परिवार ने चलाया वृक्षारोपण अभियान!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद।:-

शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री परिवार जहानाबाद की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के द्वारा मखदुमपुर प्रखंड के भीमपुरा ग्राम में लगातार 62 वें रविवार को वृहद पैमाने पर पौधरोपण किया गया। अपने पुरखों की आत्मा की शांति के लिये लोग दान-पुण्य, भोजन-भंडारा, पूजा-पाठ-श्राद्ध आदि अनेक उपाय करते हैं। उनसे पूर्वजों को श्रद्धा मिलती होगी यह शास्त्रों का कथन है। इसी कड़ी में श्री सतीश शर्मा ने अपनी दिवंगत माताजी स्वर्गीय श्यामपड़ी देवी की याद को सदैव जीवित रखने हेतु उनके श्राद्धकर्म के अवसर पर चार कट्ठे की अपने स्वामित्व की भूमि गायत्री परिवार को दान स्वरूप प्रदान किए हैं। गायत्री परिवार के परिजनों के अनुसार इस भूमि का उपयोग वे वृक्ष लगाने हेतु कर रहे हैं क्यों कि यही वह माध्यम है जिससे पर्यावरण की रक्षा होगी एवं जिनकी याद में वृक्ष लगे हैं उन्हें भी लोग भूलेंगे नहीं। ये वृक्ष आने वाले अनेक वर्षों तक लोगों की सेवा करते रहेंगे। गायत्री परिवार के वृक्षारोपण कार्यक्रम के जिला प्रभारी रंगेश कुमार ने बताया कि अनेक कार्यकर्ताओं ने मिल कर उस स्थान पर इक्यावन की संख्या में महोगनी, आम,अमरूद,आंवला के पौधे लगाये हैं जिनके संरक्षण का दायित्व तरुमित्र / तरुपुत्र बनाकर लगाने वालों को सौंपा गया है।
गायत्री परिवार जिला मीडिया प्रभारी बचन देव कुमार ने श्री सतीश शर्मा जी के इस निर्णय का स्वागत करते हुये उन्हें शुभकामनायें दीं। दूसरी ओर प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के वृक्षारोपण अभियान की स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की। ज्ञातव्य है कि प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ जहानाबाद द्वारा सतत रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। संस्था के मुख्यालय शांतिकुंज की प्रेरणा से यह कार्य सफलता पूर्वक संचालित हो रहा है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक कुमार श्रीकांत, हरी जी,सुमंत शर्मा, रामानंद शर्मा, कौशल कुमार, अर्जुन शर्मा, बालमुकुंद शर्मा, प्रवीण कुमार, राकेश कुमार चुन्नू, अभय कुमार, रंजीत कुमार,मुकेश कुमार,मंटू कुमार, रौनक राज, शुभम राज, गौरव कुमार, अंकित कुमार गुप्ता, मुकेश कुमार, संकल्प वत्स एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Join us on:

Leave a Comment