ED के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे राहुल समेत कई कांग्रेस नेता हिरासत में!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

प्रदर्शन कर रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कहा-सरकार हमारा उत्पीड़न कर रही
मैने कुछ गलत किया है तो मुझपर केस दर्ज हो : राहुल

नई दिल्ली : कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड केस में ईडी पूछताछ कर रही है। आज उनसे पूछताछ का दूसरा राउंड चल रहा है। बताया जा रहा है कि आज दिन भर सोनिया को ईडी के सवालों से जूझना होगा। इस बीच विरोधस्वरूप कांग्रेस सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस सांसदों के साथ राहुल गांधी ने संसद भवन में लगी गांधी प्रतिमा से विजय चौक तक मार्च का ऐलान किया और विजय चौक पर धरना देने बैठ गए। तब दिल्ली पुलिस ने सड़कों से जाम हटाने के लिए कांग्रेस के सांसदों को हिरासत में लेकर पुलिस थाने ले गई। साथ ही राहुल गांधी को भी विजय चौक से जबरन उठाकर ले जाया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान राहुल गांधी कह रहे थे कि यदि उन्होंने कुछ गलत किया है तो फिर मेरे खिलाफ केस दर्ज किया जाए। राहुल गांधी के अलावा पुलिस ने सांसद रंजीत रंजन, केसी वेणुगोपाल, मणिक्कम टैगोर, इमरान प्रतापगढ़ी और के. सुरेश को हिरासत में लिया है। दिल्ली के अलावा राजस्थान, छत्तीसगढ़ समेत कई अन्य राज्यों में भी कांग्रेस सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस को राजघाट पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी और इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। कांग्रेस सांसदों का कहना है कि प्रदर्शन तक की अनुमति न देना हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं का उत्पीड़न कर रही है, लेकिन कांग्रेस इसके खिलाफ जंग लड़ेगी। हम इसके खिलाफ जंग लड़ेंगे। हम सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ हैं। कोई भी उत्पीड़न नहीं कर सकता। इससे पहले गुरुवार को भी सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड केस में पहले राउंड की पूछताछ की गई थी। तब दो ही घंटे पूछताछ हुई थी, लेकिन कहा जा रहा है कि यदि सोनिया गांधी की तबीयत ठीक रहती है तो दिन भर ईडी उनसे सवाल दाग सकती है।

Join us on:

Leave a Comment