रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के शिलान्यास के बाद बोले सीएम नीतीश
रघुनाथपुर स्टेशन का नाम बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ करने की भी कवायद
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि वर्ष 2016 में ही धार्मिक न्यास परिषद से जुड़े 60 वर्ष से अधिक पुराने मंदिरों की चहारदीवारी के निर्माण का काम शुरू किया था, इनमें अब तक 295 मंदिरों की चहारदीवारी बनकर तैयार हो गई है। इस काम के पूरा होने के बाद चहारदीवारी के लिए उन सभी महत्वपूर्ण मंदिरों का सर्वेक्षण कराया जाएगा, जहां श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं। उन्होंने ये बातें गुरुवार को ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के शिलान्यास के बाद कही। सीएम ने 8.75 करोड़ की लागत से बक्सर के ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास रिमोट से किया। इस मौके पर सीएम ने कहा कि मंदिरों की घेराबंदी होने से श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत होगी। साथ ही मंदिर की जमीन अतिक्रमणमुक्त रहेगी और मंदिर परिसर से किसी वस्तु के चोरी होने का भय भी नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि सावन के महीने में सुल्तानगंज से जल लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा धाम जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। हम भी पहले वहां जाते रहते थे। सीएम नीतीश कुमार ने बताया कि झारखंड के पूर्व मंत्री सरयू राय, बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह व झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश डॉ. एसएन पाठक से मुलाकात के क्रम में इस बात पर भी चर्चा हुई कि बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर के नजदीक स्थित रघुनाथपुर स्टेशन का नाम बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ रेलवे स्टेशन किया जाए। इसके लिए राज्य सरकार भारत सरकार को प्रस्ताव भेजेगी और हम संबंधित केंद्रीय मंत्री से बात भी करेंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि रघुनाथपुर स्टेशन का नामकरण बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ के नाम पर कर दिया जाएगा।




