ईडी से बचने को नित्यानंद राय से खुद मिले थे तेजस्वी : भाजपा!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

तेजस्वी के बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा-अनर्गल प्रलाप कर रहें लालू के बेटे

पटना : राजद नेता और बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय को लेकर दिए गए बयान पर राजनीति गर्मा गई है। भाजपा ने इस पर पलटवार करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी का नित्यानंद राय की राजद में जाने की इच्छा का दावा झूठा है। यह उनके मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। ईडी से बचने के लिए खुद तेजस्वी यादव ने नित्यानंद राय से मुलाकात की थी। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सोमवार को हुई वोटिंग के दौरान तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नित्यानंद राय ने उनसे मिलकर राजद में आने की इच्छा जताई थी। तेजस्वी ने दावा किया कि नित्यानंद ने उनसे कहा था कि भाजपा में उनका दम घुट रहा है। इस मुद्दे पर अब बीजेपी नेता तेजस्वी पर हमलावर हो गए हैं।

नेता विपक्ष का मानसिक दिवालियापन : राजीव रंजन
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि तेजस्वी यादव का यह दावा बालू की दीवार की तरह झूठा है। यह अनर्गल प्रलाप है जो नेता विपक्ष के मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। तेजस्वी खुद को नित्यानंद के सामने बौना समझ रहे हैं, इसलिए वे ऐसा बयान दे रहे हैं। नित्यानंद राजनीति में तेजी से उभर रहे हैं, जिससे राजद नेताओं को अपनी दुकानदारी बंद होने का डर सताने लगा है। इसी डर से वे बिना सिर पैर की बात कर रहे हैं।
बिस्फी के भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा है कि ईडी से बचने के लिए खुद तेजस्वी यादव ने नित्यानंद राय से मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि यादवों में नित्यानंद की बढ़ती लोकप्रियता से तेजस्वी यादव घबराए हुए हैं, इसलिए कुछ भी उटपटांग बोल रहे हैं।
लालू परिवार पर हमला,
भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. निखिल आनंद ने कहा कि लालू परिवार को नित्यानंद राय से ही नहीं, परिवार के बाहर के हर यादव से दिक्कत है। लालू परिवार कभी भी नहीं चाहता कि यादव समाज का कोई व्यक्ति उनके परिवार से बाहर केंद्र या राज्य में मंत्री बने, किसी प्रदेश का मुख्यमंत्री बने या फिर नित्यानंद की तरह केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बने।

Join us on:

Leave a Comment