रिपोर्ट – अनमोल कुमार
ट्विटर पर तेजस्वी, मनोज झा, महुआ व येचुरी संग तस्वीर साझा की
नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र सबकी भलाई के लिए है तथा भारतीय ही एकमात्र ऐसे लोग हैं, जिन्होंने लोकतंत्र को इस बेमिसाल तरीक़े से चलाया है। उन्होंने लंदन में आयोजित सम्मेलन 'आईडियाज फोर इंडिया' (भारत के लिए विचार) में यह बात कही। अपनी ब्रिटेन यात्रा पर गए राहुल गांधी ने सम्मेलन की तस्वीरें अपने ट्विटर हैंडल पर भी साझा कीं, जिसमें वह विपक्षी दलों के नेताओं राजद के तेजस्वी यादव, मनोज झा, तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा और माकपा नेता सीताराम येचुरी के साथ नजर आ रहे हैं। सम्मेलन को संबोधित करने के बाद राहुल ने ट्वीट किया-भारत में लोकतंत्र सबकी भलाई के लिए है। हम अकेले ऐसे हैं, जिन्होंने लोकतंत्र को इस बेमिसाल तरीक़े से चलाया है। राहुल ने यह भी कहा कि उन्होंने सम्मेलन के दौरान तमाम विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और पार्टी प्रवक्ता गुरदीप सिंह सप्पल भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। राहुल गांधी 23 मई को लंदन में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के छात्रों को 'इंडिया ऐट 75' विषय पर संबोधित करेंगे।
चीन मुद्दे पर साधा मोदी सरकार पर निशाना
इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने चीन के मुद्दे पर मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने दावा किया कि रूस जो यूक्रेन में कर रहा है कुछ वैसी ही स्थिति चीन ने लद्दाख में पैदा की है, लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार इस बारे में बात तक नहीं करना चाहती। गांधी के अनुसार, चीन की सेनाएं लद्दाख़ और डोकलाम दोनों जगह हैं। चीन कह रहा है इन इलाक़ों से भारत का संबंध तो है लेकिन हम नहीं मानते कि यह भू-भाग आपका है। उन्होंने कहा कि मेरी समस्या यह है कि भारत सरकार इस पर कोई बात नहीं करना चाहती।




