रिपोर्ट – अनमोल कुमार
लिखा था-जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती कांपती है
पीएम मोदी व सोनिया समेत तमाम नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली : देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सोनिया गांधी समेत कांग्रेस के तमाम नेताओं ने उन्हें याद किया और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा में कांग्रेस संसदीय दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने भी अपनी पार्टी के भूतपूर्व नेता को याद किया। हालांकि, उन्हें अपनी ट्वीट डिलीट करनी पड़ गई।
अधीर रंजन ने राजीव गांधी को ट्विटर पर श्रद्धांजलि देते हुए एक ग्राफिक के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसपर लिखा था-जब बड़ा पेड़ गिरता है तो घरती कांपती है। बता दें कि कथित तौर पर राजीव गांधी ने अपनी मां पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए सिख विरोधी दंगे को लेकर यह बात कही थी
इस मामले पर सफाई देते हुए अधीर रंजन ने कहा-इससे मेरा कोई लेनादेना नहीं है। विरोधी ताकतों द्वारा मेरे खिलाफ एक दुर्भावनापूर्ण प्रचार अभियान चलाया जाता है।
कांग्रेस नेताओं ने ‘वीर भूमि’ पर जाकर श्रद्धांजलि दी
सोनिया, राहुल और कई कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी के योगदान को भी याद किया। सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कई अन्य कांग्रेस नेताओं ने ‘वीर भूमि’ पहुंचकर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मेरे व प्रियंका के लिए एक अद्भुत पिता थे : राहुल
अपने पिता को याद करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया-मेरे पिता एक दूरदर्शी नेता थे, जिनकी नीतियों से आधुनिक भारत को आकार देने में मदद मिली। वह एक करुणामयी और दयालु व्यक्ति थे। मेरे और प्रियंका के लिए एक अद्भुत पिता थे, जिन्होंने हमें क्षमा और सहानुभूति के मूल्य के बारे में बताया। मैं उनकी कमी महसूस करता हूं, उस समय को सप्रेम याद करता हूं, जो हमने साथ गुजारे थे। प्रियंका गांधी ने भी अपने पिता के बारे में किए गए राहुल गांधी के ट्वीट को रिट्वीट किया।




