धीरज शर्मा की रिपोर्ट
जून से सुसज्जित सैंडिस कंपाउंड का आनंद ले सकेंगे शहरवासी!
नगर आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर की माने तो मानसून के पहले सैंडिस कंपाउंड का स्पोर्ट्स कांपलेक्स, बैडमिंटन कोर्ट, जॉगिंग ट्रैक, खानपान स्टॉल, व खेल का मैदान आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। प्रधान सचिव आनंद किशोर का दावा तो यही है, लेकिन बुधवार को सैंडिस कंपाउंड में कार्य की प्रगति देख कर वे संतुष्ट नजर नहीं आए। इस दौरान उन्होंने निर्माण कंपनी के अधिकारियों को तो हड़काया ही साथ जिला प्रशासन को डेड लाइन तय करने की नसीहत भी दी। सैंडिस कंपाउंड का सौदर्यीकरण स्मार्ट सिटी का एक ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसके तहत यहां जिम और स्विमिंग पूल, पैदल पथ, वाटर फाउंटेन, वाटर पार्क व मनोरंजन कई अन्य साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उसके बाद मुख्य सचिव साहेबगंज स्थित भैरवा तालाब पहुंचे जहां 166.09 करोड़ की लागत से तालाब के अंदर एक्वेरियम, पानी के बीच झरना के साथ वाटर स्पोटर्स की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। मुख्य सचिव ने टाउन हॉल का भी निरीक्षण किया जहां ग्रीन बिल्डिंग के कंसेप्ट पर आधुनिक सुविधाओं से सज्जित और वातानुकूलित ऑडिटोरियम हॉल बन रहा है। अब देखना यह है कि ड्रीम प्रोजेक्ट सैंडिस कंपाउंड के सौदर्यीकरण में ही जब प्रशासन और निगम के हाथ पांव फूल रहे हैं तो भैरवा तालाब के अंदर एक्वेरियम टाउन हॉल का ऑडिटोरियम कब तक पूरा हो पाता है।




