रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
बिहार के मुजफ्फरपुर में लूटपाट के दौरान दूध कारोबारी की गोली मारकर हत्या, भोज खाकर लौट रहे थे घर..इलाके में हड़कंप..भसौन-राजापाकर के बीच देर वारदात..
गले से सोने की चेन गायब, घटनास्थल पर मिला टूटा हनुमान लॉकेट
मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बरियारपुर थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने दूध कारोबारी संजय कुमार राय की गोली मारकर हत्या कर दी। वह भोज खाकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। भसौन और राजापाकर के बीच अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और सिर में गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान बरियारपुर थाना क्षेत्र के वाजितपुर अशोक गांव निवासी संजय कुमार राय के रूप में हुई है। वह आसपास के ग्रामीण इलाकों में दूध का कारोबार करते थे। परिजनों के अनुसार, संजय कुमार भोज खाने के लिए रतनपुर गांव गए थे। वहां से देर रात बाइक से घर लौटने के दौरान रास्ते में अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।
गले से सोने की चेन गायब, घटनास्थल पर मिला टूटा लॉकेट
मृतक के पुत्र नितेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर उनके पिता की बाइक स्टैंड पर खड़ी मिली। उनके गले से सोने की कीमती चेन गायब थी, जबकि हनुमान जी का टूटा हुआ लॉकेट घटनास्थल पर पड़ा मिला। परिजनों को आशंका है कि लूटपाट के दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी।
दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस, SKMCH में घोषित किए गए मृत
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सकरा रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए SKMCH रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। उन्होंने बताया कि एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर मिला था। उसकी बाइक घटनास्थल पर ही खड़ी थी। इलाज के लिए ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
24 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग
दूध कारोबारी की हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश है। जिला परिषद सदस्य सुरेश प्रसाद यादव ने पुलिस प्रशासन से 24 घंटे के अंदर हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अपराधियों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
बाईट-सुरेश प्रसाद यादव,जिला परिसद सदस्य
बाईट-नितेश कुमार,मृतक का पुत्र
बाईट-पुलिस पदाधिकारी




