रिपोर्ट – अमित कुमार!
बिहार की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है जहाँ जेडीयू ने मोकामा से अपने बाहुबली विधायक अनंत सिंह पर बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने अनंत सिंह को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है और उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी है। यही नहीं उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी को भी 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। पत्र में साफ लिखा है कि विगत कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और अभी-अभी संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के विरुद्ध कार्य करने और दूसरे दल यानि जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार करने के कारण अनंत कुमार सिंह की प्राथमिक सदस्यता रद्द की जाती है और उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है।
साथ ही पार्टी ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत विधायक के रूप में उनकी सदस्यता अविलंब रद्द करने की अनुशंसा भी की है।
वहीं दूसरी तरफ नीलम देवी की प्राथमिक सदस्यता भी दल विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण रद्द कर उन्हें भी 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
आपको बता दें कि MLC चुनाव में अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खड़े नजर आए थे और जन सुराज के उम्मीदवार का खुलकर समर्थन किया था, जिसके बाद से ही उन पर कार्रवाई तय मानी जा रही थी।



