IDBI निजीकरण के खिलाफ बैंककर्मियों का ऐलान – 2 और 3 नवंबर को राष्ट्रव्यापी हड़ताल!

SHARE:

पटना से अमित कुमार रिपोर्ट


आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के खिलाफ बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने आंदोलन तेज कर दिया है। केंद्र सरकार के 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के फैसले के विरोध में दानापुर में हुई बैठक में बैंककर्मियों ने आगामी 2 और 3 नवंबर को प्रस्तावित दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प लिया।
शनिवार को गोला रोड स्थित एक होटल में ऑल इंडिया आईडीबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन की पटना जोन इकाई की विशेष आमसभा आयोजित की गई। बैठक में बिहार और झारखंड की विभिन्न शाखाओं से आए 100 से अधिक अधिकारियों ने भाग लिया और निजीकरण के खिलाफ एकजुटता दिखाई।
सभा को संबोधित करते हुए AIBOA बिहार स्टेट कमेटी के अध्यक्ष कॉमरेड ज्ञान प्रकाश ने कहा कि अब निर्णायक लड़ाई लड़ने का समय आ गया है। वहीं एसोसिएशन के अध्यक्ष कॉमरेड सौरभ कुमार ने सरकार के अड़ियल रवैये की आलोचना करते हुए हड़ताल में शत-प्रतिशत भागीदारी का आह्वान किया। उपाध्यक्ष कॉमरेड बुजालाल कुमार ने चेतावनी दी कि फैसला वापस नहीं हुआ तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा।
महासचिव कॉमरेड नदीम अख्तर ने कहा कि बिहार-झारखंड के अधिकारी पूरी मजबूती से इस लड़ाई में साथ हैं और हड़ताल को सफल बनाया जाएगा। पूर्व महासचिव डॉ. कुमार अरविंद ने भी संगठन को वैचारिक सहयोग का भरोसा दिया।
बैठक के अंत में सभी बैंक अधिकारियों ने निजीकरण के खिलाफ संघर्ष जारी रखने और प्रस्तावित हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Join us on: