रिपोर्ट – शाहिद रजा!
शिवहर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और अंतरजिला डकैती गिरोह के मुख्य सरगना नगीना सिंह को गिरफ्तार किया है। शिवहर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई (DIU) की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र के शेखौना गांव निवासी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ शिवहर, पिपराही और पूर्वी चंपारण के पताही थाने में डकैती और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके अन्य सहयोगियों के नेटवर्क को खंगाल रही है। एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे ।



