पुलिस द्वारा आधी रात घर से उठाए गए दिलसाद की मौत, लोगों में भारी आक्रोश!

SHARE:

रिपोर्ट- मनोज कुमार!

बेतिया से खबर है जहां पश्चिम चंपारण जिले के बानूछापर थाना क्षेत्र में पुलिस के साथ घर से ले जाए गए दिलसाद अंसारी (25) की कुछ ही घंटों बाद जीएमसीएच में मौत हो गई। परिजनों ने उसके सिर पर गंभीर चोट और माथा फटा होने की बात कही है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, रविवार की रात करीब दो बजे बानूछापर और सहोदरा थाने की पुलिस दिलसाद को घर से अपने साथ ले गई। सुबह करीब पांच बजे परिवार को उसकी तबीयत खराब होने की सूचना मिली। परिजन अस्पताल पहुंचे तो दिलसाद मृत मिला। मृतक की पत्नी नगमा खातून और पिता अकबर अंसारी ने मौत की परिस्थितियों की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
एनडीपीएस कांड में पूछताछ के लिए ले जाने की बात
सदर वन डीएसपी अजीत कुमार के आधिकारिक पक्ष के अनुसार, दिलसाद को एनडीपीएस कांड संख्या 65/25 में पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस के बयान के मुताबिक, वह गाड़ी से कूद गया, जिससे उसके माथे पर चोट लगी। इसके बाद उसे इलाज के लिए जीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
दिलसाद की शादी मार्च 2025 में हुई थी। उसकी चार महीने की बेटी है। परिवार का कहना है कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी मिलनी चाहिए। अब गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मियों के बयान, चिकित्सकीय अभिलेख और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच अहम होगी। घटना की निष्पक्ष जांच से ही मौत के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।

Join us on: