सहरसा- मजदूर की संदिग्ध मौत, चाय दुकान के पास से शव बरामद,परिजनों ने जहर देकर हत्या का लगाया आरोप!

SHARE:

रिपोर्ट- बिकास कुमार!

खबर बिहार के सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र से है, जहां 27 वर्षीय मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धनोजा गांव निवासी केवल सादा के 28 वर्षीय पुत्र हरिबल्व सादा के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह उसका शव गांव में प्रमोद यादव की चाय दुकान के पास मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतक के पिता केवल सादा ने बताया कि मंगलवार शाम करीब चार बजे गांव के ही ठेकेदार मंटू यादव मजदूरी कराने के लिए उनके बेटे को अपने साथ ले गए थे। इसके बाद उनका बेटा घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। गुरुवार सुबह चाय दुकान के पास उसका शव मिलने की सूचना मिली।

मृतक के पिता ने ठेकेदार पर अपने बेटे को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मजदूरी के नाम पर घर से ले जाने के बाद उनके बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, जब शव मिला तो उसके पास दो लोग मौजूद थे, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गए। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए जांच की जा रही है। हत्या और जहर देने का आरोप मृतक के पिता की ओर से लगाया गया है, मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगी।

वाईट- केवल सादा . मृतक के पिता

Join us on: