रिपोर्ट- मनोज कुमार!
बेतिया के मझौलिया पंचायत के वार्ड नंबर-5 निवासी हबीब खान की महज 2 वर्षीय पुत्री अनाया खातून के लापता होने के मामले में आखिरकार ऐसा खुलासा हुआ, जिसने पूरे मझौलिया को झकझोर कर रख दिया। जिस मासूम की तलाश में परिजन और ग्रामीण तीन दिनों से परेशान थे, उसका शव पड़ोसी के घर से बंद बोरे में बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि बच्ची के गायब होने के बाद मझौलिया पुलिस को सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा था। फुटेज के आधार पर पुलिस ने पड़ोसी मझौलिया गांव निवासी अमरूल खान की पुत्री सबीना उर्फ शमी खातून को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान तीसरे दिन बच्ची का शव घर में ही पड़े होने की जानकारी सामने आई।पुलिस द्वारा शव बरामद किए जाने की खबर जंगल में आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई। मौके पर देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और हर आंख नम हो उठी।




