रिपोर्ट – अरविंद कुमार!
समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में एक युवक को हिरासत में लेने पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा।आरोपी युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और भागने की कोशिश के दौरान एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा, जिसके बाद युवक को पकड़कर थाने ले जाया गया। घटना मोहिउद्दीननगर हाई स्कूल के पास एनएच-122बी किनारे स्थित पुराने टाटा स्टैंड के समीप की बताई जा रही है। घटना के दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस और युवक के बीच हो रही उठापटक को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बनाया।बताया गया है कि मोहिउद्दीननगर बाजार निवासी गोलू कुमार के खिलाफ डायल 112 पर एक महिला से छेड़खानी की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद डायल 112 की टीम युवक को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची। टीम के प्रभारी राजू यादव ने युवक को पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, युवक वाहन में बैठने को तैयार नहीं हुआ और वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान युवक ने एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक सड़क पर कीचड़ में ही दोनों पक्षों के बीच खींचतान और उठापटक चलती रही।लेकिन इस वीडियो में एक दूसरे शख्स जो पुलिस टीम का सदस्य नही था,उसके द्वारा पुलिस कर्मी से लाठी लेकर उस युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने पर अब सवाल उठने लगे है।क्योंकि 112 की टीम एक अकेले आरोपी युवक को काबू नही कर पा रही थी जो स्थानीय शख्स को लाठी चलाकर उसे गम्भीर तौर पर जख्मी कर दिया गया और जब वह बेहोश हुआ तब उसकी गिरफ्तारी हो पाई।इस दौरान एक महिला भी बार बार उस युवक के साथ इतने बेरहमी से पिटाई नही करने के लिए पुलिस से गुहार लगाते भी दिख रही है। मामले की जानकारी मोहिउद्दीननगर थाना को सूचना दी। सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंची और युवक को रस्सी से बांधकर काबू कर हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे थाना ले जाया गया। युवक के नशे में होने की बात भी सामने आई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि डायल 112 पर युवक के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के सत्यापन और युवक को पकड़ने के लिए पुलिस टीम मौके पर गई थी। वहां हुई घटना की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



