मोकामा-सरकारी स्कुल का हाल, स्कुल में बच्चियों के ऊपर गिरा पंखा, 3 बच्चियां जख़्मी!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

मोकामा थानाक्षेत्र के मध्य विद्यालय पंचमहला में मंगलवार को कक्षा छह में अचानक पंखा टूटकर गिरने से तीन छात्राएं घायल हो गईं। घटना के बाद विद्यालय में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल छात्राओं का उपचार कराया गया, जहां चिकित्सक ने उनकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई है।

घायल छात्राओं की पहचान अमिका कुमारी, पिता अरविंद कुमार, रिया कुमारी, पिता कुंदन महतो और अमृता कुमारी, पिता अनंत महतो, निवासी लखनचंद के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार पंखा कक्षा में लगा हुआ था और अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में छात्राएं आ गईं। घटना के बाद छात्राओं के परिजन विद्यालय पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अंजनी कुमार ने विद्यालय पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पंखा लगाने वाली एजेंसी की भूमिका और पंखे की गुणवत्ता की भी जांच की जाएगी। यदि पंखे की गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना को लेकर प्रधानाध्यापक अशोक कुमार से शोकॉज किया जा रहा है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, चिकित्सक प्रभारी डॉ. वैद्यनाथ शर्मा ने बताया कि तीनों छात्राओं की हालत फिलहाल ठीक है। सिर में चोट लगने के कारण दर्द की शिकायत है, लेकिन घबराने जैसी कोई बात नहीं है। छात्राओं को 24 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा।

घटना के बाद बीईओ अंजनी कुमार ने क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि स्कूलों में लगे पंखों की हर छह महीने में जांच कराई जाए। पंखों की गुणवत्ता के साथ उनकी तकनीकी स्थिति भी नियमित रूप से जांची जाए, ताकि किसी संभावित खराबी को समय रहते दूर किया जा सके और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Join us on: