मुजफ्फरपुर- जुआ और सट्टेबाजी में कुल 13 लोग गिरफ्तार, लाखों नकद बरामद!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

मुजफ्फरपुर जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मिठनपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चकबासु मोहल्ले में छापेमारी कर जुआ-सट्टा खेल रहे और कथित तौर पर इसका संचालन करने वाले 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 लाख 72 हजार 690 रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और ताश के 5 पैकेट बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मिठनपुरा थाना क्षेत्र के चकबासु मोहल्ले में लंबे समय से अवैध रूप से ताश और जुए-सट्टे का खेल संचालित किए जाने की सूचना मिल रही थी। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पुलिस ने सूचना की पुष्टि के बाद कार्रवाई की। मिठनपुरा थानेदार अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ठिकाने की घेराबंदी कर अचानक छापेमारी की।
पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। कुछ लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण पुलिस ने सभी को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, इसी कार्रवाई के दौरान कथित संचालक मोहम्मद फुलबाबू उर्फ जुल्फिकार को भी गिरफ्तार किया गया।
बताया जा रहा है कि इससे पहले रामबाग इलाके में भी जुए के ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी की थी। उस दौरान फूल बाबू पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। अब चकबासु में हुई कार्रवाई के दौरान वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद फुलबाबू उर्फ जुल्फिकार, धीरज कुमार पटेल, मोहम्मद पाले हुसैन, लक्ष्मण कुमार, रवि कुमार, धर्मेंद्र भगत, अमन कुमार, विकास कुमार, सोनू कुमार, असगर खान, गुड्डू कुमार, सुजीत कुमार और श्याम कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी मुजफ्फरपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
पुलिस ने नकदी और मोबाइल फोन को जब्त कर उनके स्रोत और इस्तेमाल की भी जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि जुए के इस अड्डे के संचालन में और कौन-कौन लोग शामिल थे और यहां कितने समय से गतिविधियां चल रही थीं।

इस मामले में मिठनपुरा थाना कांड संख्या 285/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Join us on: