रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!
मोतिहारी – नेपाल में हो रही भारी बारिश और नेपाल से लगातार छोड़े जा रहे पानी के बाद गंडक नदी ने पूर्वी चंपारण में रौद्र रूप धारण कर लिया है। गंडक के बढ़ते जलस्तर से अरेराज और संग्रामपुर प्रखंड क्षेत्र के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। कई जगहों पर रिंग बांध और पुराने बांध पानी के दबाव में टूट रहे हैं, जिससे दर्जनों गांवों में बाढ़ का पानी फैल गया है।
बाढ़ का पानी अब लोगों के घरों तक पहुंच गया है। कई परिवार रात के अंधेरे में भी पानी के बीच फंसे हुए हैं। घरों से सुरक्षित बाहर निकलने के लिए लोगों के पास नाव ही एकमात्र सहारा है, लेकिन कई प्रभावित इलाकों में नाव उपलब्ध नहीं होने के कारण लोग बाढ़ के पानी के बीच फंसे रहने को मजबूर हैं।
लोगों के बाढ़ में फंसे होने की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष गप्पू राय देर रात बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से बातचीत कर प्रभावित लोगों के लिए तत्काल बचाव कार्य शुरू कराने और नाव उपलब्ध कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष गप्पू राय ने जिला प्रशासन से मांग की कि बाढ़ प्रभावित गांवों में अविलंब पर्याप्त संख्या में नाव उपलब्ध कराई जाए, ताकि पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि रात के समय स्थिति और भी गंभीर है और प्रशासन को बिना देरी किए राहत एवं बचाव अभियान तेज करना चाहिए।




