रिपोर्ट – मनोज कुमार!
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बाद बगहा अनुमंडल में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने बिहार सरकार के मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री नंदकिशोर राम बुधवार को बगहा पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। नगर के कई वार्डों में बाढ़ का पानी घरों में प्रवेश करने के कारण लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा समेत अन्य आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार कम्युनिटी किचन संचालित करने का निर्देश दिया, ताकि बाढ़ पीड़ितों को भोजन के लिए परेशान नहीं होना पड़े। साथ ही जिन स्थानों पर अब भी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, वहां से पानी की निकासी के लिए नगर परिषद को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
मंत्री ने बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त या टूटे बांधों को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बांधों के टूटने के कारणों की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी अधिकारी या स्थानीय स्तर पर किसी व्यक्ति की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार बाढ़ प्रभावित प्रत्येक व्यक्ति के साथ खड़ी है और राहत कार्य में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।



