रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!
शेरघाटी में पहाड़ी के पास कपल को घेरकर की बदसलूकी, गाली-गलौज, मारपीट और गाड़ी की चाबी छीनने का दावा; VIDEO वायरल, पुलिस अब जांच में जुटी
बिहार के गया जिले जिले के शेरघाटी में घूमने निकले युवक-युवती के साथ कुछ युवकों द्वारा बदसलूकी का मामला सामने आया है। बदसलूकी का वीडियो वायरल हो रहा है। घटना सोमवार दोपहर दो बजे की बताई जा रही है। महुआडीह गांव के पहाड़ी के पास युवक-युवती को घेरकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस घटना की चर्चा तेजी से हो रही है। अचरज की बात है कि जिन लड़कों ने मारपीट व लड़की के साथ अभद्रता की उन्होंने ही सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल कर दिया। आर्यन ग्रुप नाम से सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। आरोपियों में महुआडीह निवासी बीरबल मांझी और आर्यन कुमार के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि, शेरघाटी पुलिस ने अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
जानकारी के अनुसार, गुरुआ का रहने वाला युवक अपनी एक दोस्त के साथ घूमने निकला था। दोनों शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह स्थित पहाड़ी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने दोनों के साथ अभद्र व्यवहार किया। यही नही गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।
गाड़ी की चाबी छीनी, टायर से हवा निकालने का भी आरोप
घटना को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, युवकों ने कपल की गाड़ी की पहले चाबी छीन ली। गाड़ी के टायर से हवा निकालने की बात भी सामने आ रही है। यही नहीं गाड़ी का प्लक भी निकाले जाने की बात वीडियो में सुनाई दे रहा है। इसके बाद दोनों को काफी देर तक वहां रोके जाने का आरोप है।
पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान भी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
आर्यन नाम से सोशल मीडिया ग्रुप चलाने की चर्चा
घटना में शामिल बताए जा रहे युवकों के सोशल मीडिया कनेक्शन की भी चर्चा है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक आर्यन नाम से इंस्टाग्राम आईडी और ग्रुप चलाते हैं।
घटना के बाद पीड़ित युवक के थाने पहुंचकर शिकायत देने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने युवक को थाने बुलाकर बयान दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस उसे बार बार बुला रही है लेकिन वह अब तक अपनी शिकायत लेकर थाने नहीं पहुंचा है।
पुलिस बोली- वीडियो और घटना की जांच हो रही
मामले में शेरघाटी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि घटना की पड़ताल की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और उससे जुड़ी जानकारी की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।




