नवादा- कुएं में मिला अधजला शव, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप!

SHARE:

नवादा / सोनू सिंह

नवादा: नवादा जिले के परनाडाबर थाना क्षेत्र से सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरदला प्रखंड क्षेत्र में भोला कुरहा और कृष्णा नगर के बीच एक कुएं से अधजला शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव की पहचान चंदाबारा गांव निवासी सोफी कुमार, पिता महेंद्र चौहान के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

शादी के बाद ससुराल में हुआ था विवाद

मृतक के पिता महेंद्र चौहान के अनुसार, वैशाख महीने में उनके बेटे सोफी कुमार की शादी हुई थी। कुछ समय बाद वे अपनी बहू को लाने के लिए उसके मायके बटमहेश गांव गए थे। महेंद्र चौहान का आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष की ओर से उनकी बेटी को भेजने से इनकार किया गया और कथित तौर पर उन्हें धमकी भी दी गई।

महेंद्र चौहान के मुताबिक, उन्होंने कहा कि यदि उनकी बहू साथ नहीं जाना चाहती तो कागजी प्रक्रिया पूरी कर दी जाए, लेकिन कथित तौर पर ससुराल पक्ष ने कागज बनाने से भी इनकार कर दिया और मारपीट की धमकी दी। इसके बाद वे वहां से वापस घर लौट आए।

घर लौटने के बाद नहीं खाया खाना

मृतक के पिता ने बताया कि घर लौटने के बाद सोफी कुमार ने न तो खाना खाया और न ही पानी पिया। इसके बाद उसने अपने पिता से कहा कि वह घूमकर आ रहा है और रविवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकल गया।

महेंद्र चौहान के अनुसार, जब दोपहर करीब 3 बजे उन्होंने बेटे को फोन करना शुरू किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। परिवार के लोगों और परिचितों से भी जानकारी ली गई, लेकिन सोफी का कोई पता नहीं चला। रात करीब 9 बजे तक जानकारी नहीं मिलने के बाद परिवार ने सुबह उसकी तलाश शुरू की।

खोजबीन के दौरान कुएं में मिला शव

परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह सोफी की तलाश में वे उन स्थानों पर पहुंचे, जहां वह अक्सर घूमने जाता था। इसी दौरान परिवार के एक रिश्तेदार की लड़की ने जानकारी दी कि उनके खेत की ओर एक शव पड़ा हुआ है। सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे, जहां कुएं में अधजला शव मिलने की बात सामने आई।

पुलिस बोली- हर एंगल से हो रही जांच

परनाडाबर थाना प्रभारी ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली थी कि एक कुएं में अधजला शव फेंका हुआ है। मौके पर पहुंचकर शव को बरामद किया गया, जिसकी पहचान सोफी कुमार, पिता महेंद्र चौहान के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। अभी इस घटना को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शव को कुएं में कैसे पहुंचाया गया और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फिलहाल शादी के बाद हुए विवाद और उसके बाद युवक की संदिग्ध मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Join us on: