आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले के धोबहा थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव में रविवार की शाम हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात मैनपुरा गांव स्थित काली मंदिर के समीप हुई। मृतक की पहचान हेमतपुर गांव निवासी स्वर्गीय मुन्ना सिंह के करीब 20 वर्षीय पुत्र सोनू सिंह उर्फ सरल के रूप में हुई है। वह बीए पार्ट-1 का छात्र बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोनू रविवार की शाम मैनपुरा गांव की ओर गया था। इसी दौरान काली मंदिर के पास बदमाशों ने उसके सिर के बेहद करीब से गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई,
घटना की सूचना मिलते ही धोबहा थानाध्यक्ष वर्षा रानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-01 रौशन कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। तकनीकी जांच के लिए डीआईयू टीम को भी लगाया गया है,
पुलिस के अनुसार, मृतक का मोबाइल फोन भी मौके से नहीं मिला है। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है और परिचित लोगों की भूमिका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी और वरीय पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। कुछ समय तक ग्रामीणों ने शव को उठाने से रोक दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद स्थिति शांत हुई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस का कहना है कि हत्या की हर एंगल से जांच की जा रही है और वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
भोजपुर के धोबहा थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव में रविवार की शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। काली मंदिर के समीप हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हेमतपुर निवासी सोनू सिंह के रूप में हुई है। घटना की जांच के लिए साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-01 रौशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस और तकनीकी टीम जुटी हुई है।
बाइट क्यू:
“मैनपुरा गोलीकांड पर साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-01 रौशन कुमार का बयान…”




