मुख्यमंत्री ने 13,033 किलोमीटर राजकीय राजपथ का किया शुभारंभ!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

मुख्यमंत्री ने ओ०पी०आर०एम०सी० फेज-3 के तहत
10,590.53 करोड़ रुपये की लागत से 13,033 किलोमीटर राज्य उच्च पथों एवं वृहद जिला पथों के संधारण कार्य का किया शुभारंभ

मुख्य बिन्दु :-

प्रत्येक किलोमीटर सड़क की स्थिति की नियमित निगरानी तथा मासिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने का निर्देश। सड़कों के बेहतर रखरखाव से आवागमन होगा और सुगम एवं सुरक्षित।

ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर प्रभावी नियंत्रण तथा पुलों एवं सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर।

ओ०पी०आर०एम०सी० फेज-3 में आधुनिक तकनीक के माध्यम से सड़कों की निगरानी और अनुरक्षण व्यवस्था को बनाया जाएगा अधिक प्रभावी। बेहतर सड़क निर्माण के साथ-साथ उसके रखरखाव को प्राथमिकता।

पटना, 26 सितम्बर 2026: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में 10590.5328 करोड़ रूपये की लागत से कुल 13033 किलोमीटर राज्य उच्च पथों एवं वृहद जिला पथों का 66 पैकेजों में दीर्घकालीन निष्पादन और उपलब्धि आधारित पथ आस्तियां अनुरक्षण संविदा प्रणाली (ओ०पी०आर०एम०सी०) के तृतीय चरण में वर्ष 2026 से 2033 तक (7 वर्षों) संधारण कार्य का रिमोट के माध्यम से शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क अनुरक्षण व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनानेवाले ओ०पी०आर०एम०सी० (आउटपुट एवं परफॉर्मेंस बेस्ड रोड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट) से जुड़े इस कार्यक्रम में आप सभी को शुभकामनायें देता हूँ। आज ओ०पी०आर०एम०सी० के फेज-3 का शुभारंभ हुआ है, यह सड़क अनुरक्षण व्यवस्था को मजबूती और नई दिशा देगा। इस अवसर पर पथ निर्माण विभाग को बधाई एवं शुभकामनायें देता हूँ। उन्होंने कहा कि ओ०पी०आर०एम०सी० के तीसरे चरण में सड़कों के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ अगले 7 वर्षों में उनके नियमित मेंटेनेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। दीपावली तक इस कार्य का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन शुरू करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओ०पी०आर०एम०सी० फेज-3 में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इससे सड़कों की निगरानी और प्रभावी ढंग से हो सकेगी। ओवरलोड वाहन किसी भी पुल पर न चले, इसे सुनिश्चित करें। ग्रामीण सड़कों पर भी ओवरलोड वाहन न चलायी जाय, इसके लिये ग्रामीण कार्य विभाग को भी कहा गया है। सभी सड़कों के मेंटेनेंस को लेकर मासिक रिपोर्ट उपलब्ध रखें। प्रत्येक किलोमीटर पर सड़कों की क्या स्थिति है, इसकी बेहतर निगरानी हो। जिला मुख्यालय, प्रखंड स्तर तक के पथों को मेंटेन रखना है। सड़कें मेंटेन होंगी, व्यवस्थित होंगीं तो लोगों को इससे सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी ने बेहतर पथ और पुलों का निर्माण कराया है, उसे मेंटेन रखना है। राज्य के सुदूर इलाके से पटना पहुँचने के 5 घंटे के लक्ष्य को प्राप्त कर लिया गया है। अब 4 घंटे के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है। बेहतर सड़कों के निर्माण के साथ-साथ उसका रखरखाव भी उतना ही जरूरी है। सड़कें सुरक्षित एवं सुगम होंगी तो इसका सीधा लाभ लोगों को मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान ओ०पी०आर०एम०सी० पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी और पुस्तिका का लोकार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री श्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र कुमार, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री सौरभ जोरवाल सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Join us on:

और पढ़ें