सुपौल- सो रही महिला को आधी रात घर में घुसकर मारी गोली, हालत गंभीर!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष चौहान!

आधी रात घर में घुसे दो अपराधी,सो रही महिला को मारी गोली,वारदात से मचा हड़कंप,जाँच में जुटी पुलिस

सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से शनिवार सुबह एक बड़ी वारदात सामने आई है। बड़कुरवा पंचायत के सिकयाही वार्ड 7 में बीती देर रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर सो रही एक महिला के पैर में गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जख्मी महिला की पहचान पप्पू यादव की 25 वर्षीय पत्नी डेजी कुमारी के रूप में हुई है। घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है। जख्मी डेजी कुमारी के अनुसार, वह अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति घर के अंदर घुस आए और उसे गोली मारकर मौके से फरार हो गए। गोली पैर में लगी और आर पार हो गई।गोली की आवाज और महिला की चीख सुनकर बगल के कमरे में सो रहे उसके परिजन वहां पहुंची। परिजन के मुताबिक,मौके पर पहुंचने के दौरान उसने दो लोगों को घर से बाहर निकलकर भागते देखा। हालांकि,अंधेरा होने के कारण वह दोनों की पहचान नहीं कर सकी।

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया।अस्पताल में डॉ बीएन पासवान ने जांच के बाद बताया कि महिला के पैर में गोली लगी है,जो आर-पार हो गई है। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ दिलीप कुमार और थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल महिला से घटना की पूरी जानकारी ली।
पुलिस अब घर में घुसकर गोली चलाने वाले अज्ञात अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल गोली चलाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Join us on: