रिपोर्ट- अमित कुमार!
बारिश में भी युवाओं से जुड़े रहे चिराग, बोले- हुनर को पहचानो
राजधानी पटना में लगातार हो रही हल्की बारिश के बीच बड़ी संख्या में युवाओं और समर्थकों की उपस्थिति में लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने करीब 50 मिनट तक युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने कॅरियर, नौकरी और सरकारी प्रोत्साहन से जुड़े कई सवाल पूछे जिनका चिराग ने विस्तार से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आप सवाल उठाएंगे और हम उसके समाधान की दिशा में आगे बढ़ेंगे। यह संवाद केवल शुरुआत है और यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
काबिलियत होने के बावजूद रोजगार नहीं मिलने के सवाल पर चिराग ने अपने जीवन का अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि कई बार हम अपने हुनर को खुद नहीं पहचान पाते। मैं खुद फिल्मों में गया लेकिन वहां सफल नहीं हो पाया। आज जिस क्षेत्र में हूं वहां मन से दिन रात मेहनत करता हूं और यही स्किल की असली पहचान है। जिस दिन आप दिल की आवाज सुनकर आगे बढ़ेंगे उस दिन आपको कोई नहीं पछाड़ पाएगा।
भर्तियां रुके होने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इन सवालों को सही मंचों पर लगातार उठाना जरूरी है। युवाओं को निराश नहीं होना चाहिए। उन्होंने रोहित वेमूला और आईआईटी मुंबई की छात्रा पायल का उदाहरण देते हुए कहा कि जब तक हम इन विषयों पर खुलकर चर्चा नहीं करेंगे तब तक ऐसी घटनाएं हमें विचलित करती रहेंगी।



