रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के भैरवस्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत काको गांव स्थित एक बगीचे से एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ मौके पर जमा होने लगी। लोगों ने मृतका की पहचान काको गांव की रहने वाली के तौर पर किया। वही इस बात की सूचना भैरवस्थान थाना को दिया। सूचना मिलते ही भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए युवती की शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़, झंझारपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुबोध कुमार सिन्हा ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लिया। साथ ही, पुलिस ने घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। साक्ष्यों के वैज्ञानिक तरीके से संकलन के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम, जिला तकनीकी टीम और डॉग स्क्वायड को घटनास्थल पर बुलाया गया। जांच टीमों ने मौके से वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए युवती की मौत के कारण का पता लगाने मे झूटी हुई है। पुलिस अधिकारियों के उपस्थिति मे घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर युवती की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आवस्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में भैरवस्थान थाने में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। घटना में संलिप्तों की पहचान के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस द्वारा युवती की मौत को लेकर सभी संभावित कारणों का पता लगाने को लेकर मामले की छानबीन में जुटी है।



