रिपोर्ट – अरविंद कुमार!
समस्तीपुर- विभूतिपुर थाना क्षेत्र के खास टभका दक्षिण पंचायत के वार्ड 9 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकविदौलिया में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। 4-5 साल से सूखा खड़ा विशाल बरगद का पेड़ अचानक स्कूल पर गिर गया, जिससे तीन छात्राओं की मौत हो गई।
हादसे के समय सभी बच्चे मध्याह्न भोजन (MDM) कर चुके थे। तीनों छात्राएं पानी पीने और शौचालय के लिए चापाकल के पास गई थीं। इसी दौरान पेड़ भरभराकर गिर गया।
मृतकों की पहचान वार्ड 13 निवासी अमरजीत ठाकुर की बेटी पायल कुमारी उर्फ अनन्या (कक्षा-5), वार्ड 10 निवासी राम कुमार महतो की बेटी सपना कुमारी (कक्षा-4) और वार्ड 10 निवासी मो. ताजिम की 8 वर्षीय बेटी गुलनाज खातून (कक्षा-2) के रूप में हुई है। पायल और सपना की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल गुलनाज ने बेगूसराय के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
4-5 साल से सूखा था पेड़, विवाद में नहीं कटा
प्रधानाध्यापक मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि पेड़ 4-5 साल से सूखा था। इसे कटवाने के लिए कई बार कहा गया था, लेकिन आपसी विवाद के कारण नहीं कट सका। हादसे के वक्त परिसर में करीब 300 बच्चे मौजूद थे। अगर पेड़ MDM के दौरान गिरता तो हादसा और बड़ा हो सकता था।
परिसर में दो और पेड़ों से खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय परिसर में अभी भी दो और सूखे पेड़ खड़े हैं, जिनसे खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जांच कर उन्हें हटाने की मांग की है।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना पर रोसड़ा एसडीओ पूजा कुमारी, एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा, बीडीओ सुनील कुमार, सीओ चंद्रशेखर और थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा मौके पर पहुंचे। बीडीओ ने बताया कि दो मृत छात्राओं के परिजनों को तत्काल 20-20 हजार की सहायता दी गई है, तीसरी के परिजन को भी सहायता दी जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद तीनों परिवारों में कोहराम मचा है और पूरे गांव में मातम पसरा है।




