रिपोर्ट – सुमित कुमार!
मुंगेर। बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर राजद के वरिष्ठ नेता भाई वीरेंद्र ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। मुंगेर पहुंचे भाई वीरेंद्र ने कहा कि बिहार में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन सरकार टुकुर-टुकुर देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे लेकर डीएम और एसपी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की पोस्टिंग की जा रही है। ऐसे में अपराध पर अंकुश कैसे लगेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार को अच्छे और सक्षम पदाधिकारियों की फील्ड में पोस्टिंग करनी चाहिए। तभी अपराध और दुष्कर्म जैसी जघन्य घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती। अपराधी चाहे किसी भी जाति का हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि बिहार में आपराधिक मामलों में एक जाति विशेष के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
मुंगेर के संदर्भ में उन्होंने आरोप लगाया कि यहां एक व्यक्ति के कहने पर डीएम-एसपी सहित अन्य अधिकारियों की पोस्टिंग होती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक जाति विशेष के लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई दस्तावेज या प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।
भाई वीरेंद्र ने पटना के बोरिंग रोड में हुई गोलीबारी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक व्यक्ति की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। इससे पहले उसके पुत्र की भी हत्या की गई थी। उन्होंने जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं का भी उल्लेख किया।
बाइट-भाई वीरेंद्र विधायक राजद



