रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड के 01 वर्ष 9 माह के बच्चे को निःशुल्क हृदय सर्जरी के लिए मंगलवार को एम्बुलेंस से स्टेट हेल्थ सोसाइटी, बिहार (SHSB), पटना भेजा गया। बच्चे के साथ उसके माता-पिता भी गए हैं। पटना से राज्य स्तर के पदाधिकारियों के समन्वय से बच्चे एवं उसके परिजनों को हवाई मार्ग से अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साईं हॉस्पिटल भेजा जाएगा। वहां बच्चे की हृदय सर्जरी निःशुल्क की जाएगी।
जिला स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के निःशुल्क उपचार एवं हृदय सर्जरी की पहल के तहत अब तक सुपौल जिले के 60 बच्चों की सफलतापूर्वक हृदय सर्जरी कराई जा चुकी है। इस पहल का उद्देश्य जन्मजात बीमारियों से पीड़ित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे में जन्मजात शारीरिक कमी, उम्र के अनुरूप विकास नहीं होने, विकास में देरी अथवा किसी बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसे बच्चों की समय पर जांच एवं आवश्यक उपचार के लिए संबंधित RBSK मोबाइल हेल्थ टीम से संपर्क किया जा सकता है। विभाग के अनुसार, जिले के सभी प्रखंडों में RBSK की मोबाइल हेल्थ टीमें कार्यरत हैं।
इसके अलावा अभिभावक जिला स्वास्थ्य समिति, सुपौल में DEIC मैनेजर-सह-जिला समन्वयक से भी संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि बच्चों में बीमारी की समय पर पहचान और उचित उपचार से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को नियंत्रित करने में मदद मिलती है तथा जरूरतमंद बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।



