सुपौल- मवेशी चराने के दौरान,कोशी नदी में डूबने से महिला की मौत!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिले के किशनपुर प्रखंड क्षेत्र की बौराहा पंचायत के वार्ड नंबर-10 में बुधवार को कोशी नदी में डूबने से 27 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान वार्ड नंबर-10 निवासी सुरजीत कुमार राय की पत्नी अनुपम कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुपम कुमारी बुधवार को मवेशी चराने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान कोशी नदी के किनारे पहुंचने पर अचानक उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के बाद वह नदी के गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने महिला को नदी में डूबते देखा। ग्रामीणों ने तत्काल उनके परिजनों और स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने नदी में महिला की तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद महिला का शव नदी से बरामद किया गया।
घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को भी दी गई। किशनपुर की सीओ ने बताया कि कोशी नदी में महिला के डूबने की सूचना मिली थी। महिला का शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखते ही बिलख पड़े। आसपास के ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने कोशी नदी के किनारे पानी की गहराई और फिसलन को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Join us on: