राजधानी के बाढ़ अनुमंडल में मचा हाहाकार,कर्मा धर्मा पूजा के दौरान विसर्जन को गये भाई बहन समेत 11 बच्चे गंगा में डूबे, बख्तियारपुर,अथमलगोला और बाढ़ थानाक्षेत्र में अलग अलग घटनाओं में 11 बच्चे डूबे 4 को स्थानीय लोगों ने बचाया, 7 में एक शव बरामद, 6 की तलाश जारी!
पटना जिला के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत कर्मा धर्मा पूजा को लेकर मूर्ति विसर्जन करने के दौरान बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना अंतर्गत भाई बहन समेत ग्यारह गंगा नदी में डूबने लगे, जिनमें से चार को बचा लिया गया, वहीं एक युवक का शव बरामद हुआ है, जबकि छः की तलाश की जा रही है।
बाढ़ थाना अंतर्गत पोस्ट ऑफिस घाट में कर्मा धर्मा पूजा को लेकर मूर्ति विसर्जन करने आए तीन युवक डूबने लगे, जिनमें से एक युवक को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, वहीं दो युवक गंगा नदी में डूब गए। डूबे दोनों युवक की पहचान गुलाबबाग नया टोला निवासी पीयूष कुमार (10 वर्ष) पिता प्रेम पंडित और सुजीत कुमार (15 वर्ष) पिता बबलू चौधरी के तौर पर हुई है।
पूजा देवी ने बताया कि वह अपने बेटे को मूर्ति विसर्जन के लिए भेजी थी उसके पिता पीछे से गंगा घाट जा रहे थे, इसी दौरान युवक का दोस्त भी मूर्ति विसर्जन के लिए आया हुआ था मूर्ति विसर्जन के बाद उसने उसे स्नान करने के लिए कहा और सभी एक साथ स्नान करने लगे और स्नान के दौरान तीन युवक डूबने लगे जिनमें से एक को बचा लिया गया लेकिन उनका बेटा पीयूष डूब गया।
अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि दो युवक गंगा में डूब गए हैं मौके पर रेस्क्यू किया जा रहा है एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है स्थानीय गोताखोर मौके पर दोनों युवक की खोजबीन कर रहे है।
वहीं अथमलगोला थाना अंतर्गत उस्मानपुर के वार्ड नंबर 9 में भाई बहन कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान डूब गए, दोनों की तलाश जारी है। थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है।
बख्तियारपुर थाना अंतर्गत चंपापुर गांव के नजदीक गंगा नदी में कर्मा धर्मा पूजा को लेकर मूर्ति विसर्जन करने गए छः युवक डूबने लगे जिनमें से तीन को स्थानीय लोगों ने बचा लिया लेकिन तीन डूब गए। जिसमें से एक का शव मिला है बाकी दो युवक की तलाश की जा रही है।
मृतक युवक की पहचान देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार पिता रामेश्वर मोची के तौर पर हुई है। डूबे दो युवक गोलू कुमार पिता अनिल कुमार, दूसरा बलवीर कुमार पिता निर्मल मोची है। बलबीर कुमार एक ही भाई था। बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि छः युवक मूर्ती विसर्जन करने गए थे एक युवक का शव बरामद हुआ है दो युवक की तलाश की जा रही है, अंचलाधिकारी को मामले की सूचना दी गई है एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है।
शंखनाद के लिये पटना ग्रामीण से रवि शंकर अमित के साथ गोविन्द कुमार की रिपोर्ट!



