रिपोर्ट- निभाष मोदी!
भागलपुर। बरहपुरा इलाके की जगन्नाथ वाली बगीचे में मंगलवार की देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जमीन के अंदर एक शव गड़े होने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते बगीचे में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हर किसी की नजर जमीन के उस हिस्से पर टिक गई, जहां शव होने की बात सामने आई है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ 112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल जमीन के अंदर से शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।
बगीचे के बीचो-बीच जमीन के अंदर शव मिलने की सूचना ने पूरे इलाके में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जमीन के अंदर शव किसका है? इसे यहां कब और किन परिस्थितियों में दफन किया गया? क्या यह किसी लापता व्यक्ति का शव है या फिर मामला कुछ और है? इन सवालों का जवाब फिलहाल जांच के बाद ही सामने आएगा।घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी शव की पहचान या मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शव को जमीन से बाहर निकालने के बाद ही उसकी पहचान और पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी और इसके बाद पोस्टमार्टम सहित अन्य जांच के आधार पर मौत की वजह का पता लगाया जाएगा।फिलहाल बरहपुरा की जगन्नाथ वाली बगीचे में पुलिस की कार्रवाई जारी है।




