रिपोर्ट – लक्ष्मण कुमार!
जमुई जैसी घटना दरभंगा में भी दोहराने का प्रयास ,परीक्षा देने जा रही नाबालिग छात्रा को अपहरण करने बाइक पर बैठाने का प्रयास, छात्रा का दुपट्टा पकड़कर खींचते हुए जबरन अपहरण का प्रयास ,विरोध पर मारपीट, दुकानदारों और स्थानीय लोगो ने पहुंचकर बचाया, मां से भी मारपीट का आरोप; पुलिस ने दो आरोपियों को 5 घंटे में पकड़ा।
दरभंगा:- जमालपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर चौक के समीप सोमवार को अर्धवार्षिक परीक्षा देने जा रही एक नाबालिग छात्रा को बाइक सवार दो युवकों द्वारा जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा के विरोध करने और शोर मचाने पर दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट की। छात्रा को बचाने पहुंचे दुकानदारों और स्थानीय लोगों के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची। बाद में छात्रा की मां के आवेदन पर जमालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में किरतपुर गांव निवासी 19 वर्षीय राजू कुमार सदा तथा एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है।
छात्रा के मामा ने बताया कि उनकी भांजी सोमवार को हाई स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा देने आ रही थी। आरोप है कि दोनों युवक करीब दो किलोमीटर दूर से ही उसका पीछा कर रहे थे। किरतपुर बाजार के पास पहुंचने पर दोनों ने उसका दुपट्टा खींचा और उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध करते हुए पास के दुकानदार से मदद मांगी।मामा के अनुसार, छात्रा को बचाने के लिए दुकानदार आगे आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
किरतपुर पंचायत के मुखिया कैलु दास ने बताया कि वह सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय जाने के लिए घर से निकले थे। सड़क पर पहुंचने पर उन्होंने हंगामा देखा। जानकारी लेने पर पता चला कि नानी के घर से परीक्षा देने आ रही छात्रा के साथ दो युवकों द्वारा जबरन ले जाने और मारपीट की घटना की जा रही है।
मुखिया के अनुसार, ग्रामीणों के सहयोग से करीब आधे घंटे तक मौके पर रहकर छात्रा को सुरक्षित कराया गया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। उनके अनुसार, पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों युवक मौके से भाग निकले थे। पुलिस ने पीछा करते हुए घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर कोसी बांध के पास से दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों को पकड़ा
छात्रा की मां के आवेदन पर जमालपुर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए 19 वर्षीय राजू कुमार सदा को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि दूसरे आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसे विधि-विरुद्ध बालक के रूप में संबंधित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।




