रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जमीनी जायजा लेने के लिए सोमवार सुबह एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा सिविल ड्रेस में अचानक लोगों के बीच पहुंच गए। उनके साथ एएसपी नगर और मिठनपुरा थानाध्यक्ष भी मौजूद थे। एसएसपी ने शहर के प्रसिद्ध जुब्बा सहनी पार्क में मॉर्निंग वॉक करने पहुंचे लोगों से सीधे संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था पर फीडबैक लिया।
एसएसपी को अपने बीच देखकर लोगों ने उनका स्वागत किया और खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। एक बच्ची ने बाइक सवार युवकों द्वारा छेड़खानी की शिकायत की, जबकि महिलाओं ने शहर में बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर चिंता जताई। वहीं कई वरिष्ठ नागरिकों ने नशे के कारोबार पर रोक लगाने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने और शाम के समय बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मिठनपुरा और जुब्बा सहनी पार्क इलाके के लोगों ने कहा कि शाम के समय सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से परेशानी होती है। लोगों ने अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की।
इस दौरान एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर ने कहा कि पहली बार किसी एसएसपी को आम लोगों के बीच आकर उनकी समस्याएं सुनते देखा है। उन्होंने इसे पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने हाल में हुए चर्चित वृद्ध दंपति हत्याकांड के संदिग्ध का स्केच लोगों को दिखाते हुए पहचान में सहयोग करने की अपील की।
एसएसपी ने कहा कि लोगों से वृद्धजनों की सुरक्षा, महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा तथा नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव मिले हैं। इन सभी मुद्दों पर पुलिस गंभीरता से काम करेगी और आने वाले दिनों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बाइट



