रोहतास- फिरौती के लिये अपहरण, 12 घंटे में पुलिस ने किया सकुशल बरामद, आरोपी भी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – रवि कुमार!


रोहतास जिले में मजदूरों की सप्लाई के नाम पर बुलाकर अपहरण और फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक रोहतास के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने महज कुछ घंटों में कार्रवाई करते हुए अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

दिनांक 18 सितंबर 2026 को समय करीब 3:50 बजे दोपहर में नौहट्टा थाने के सरकारी मोबाइल पर एक गंभीर सूचना प्राप्त हुई।

सूचना देने वाले ने बताया कि कानपुर के रहने वाले विवेक अवस्थी उम्र करीब 50 वर्ष, पिता स्वर्गीय भगवान दास अवस्थी, जो वर्तमान में गुजरात में रहकर लेबर सुपरवाइजरी का काम करते हैं, वह रोहतास जिले में मजदूर लेने के लिए आए थे। इसी दौरान उनका और एक अन्य व्यक्ति जो उन्हें मजदूर उपलब्ध कराने वाला था, दोनों का अपहरण कर लिया गया है।

अपहरण की पुष्टि के लिए सूचक ने व्हाट्सएप के माध्यम से एक फोटो भी पुलिस को भेजा, जिसमें दोनों अपहृत व्यक्तियों के हाथ-पैर बंधे हुए थे और वे किसी जंगल में कैद दिख रहे थे।

सूचक ने पुलिस को यह भी बताया कि अपहरण के बाद उन्हें विजय उरांव नामक व्यक्ति के मोबाइल नंबर से फोन आया था। फोन पर एक व्यक्ति ने धमकी भरे लहजे में कहा था कि “पैसा नहीं दोगे तो गोली मार देंगे, नहीं तो काट कर फेंक देंगे।” इस धमकी के बाद परिजनों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रोहतास मिस्टर राज ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के निर्देशानुसार अंचल निरीक्षक अमझोर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

इस टीम में नौहट्टा थानाध्यक्ष पु.अ.नि. दिवाकर कुमार, पु.अ.नि. रविन्द्र कुमार नौहट्टा थाना, पु.अ.नि. राकेश कुमार रोहतास थाना के साथ सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया था।

टीम ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कैमूर जिले के लोहरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुल्लू में छापेमारी की। इसी गांव के जंगल से पुलिस ने अपहृत विवेक अवस्थी को सकुशल बरामद कर लिया। मौके से इस कांड में शामिल मुख्य अभियुक्त विजय उरांव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस अपहरण कांड के पीछे की साजिश का भी खुलासा हुआ है। पता चला है कि गिरफ्तार अभियुक्त विजय उरांव पूर्व में अपहृत विवेक अवस्थी के साथ ही काम कर चुका है। दोनों के बीच पुरानी जान-पहचान थी।

विवेक अवस्थी विजय उरांव के ही कहने और बुलाने पर मजदूर लेने के लिए नौहट्टा आए थे। इसी का फायदा उठाते हुए विजय उरांव ने अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पहले से साजिश रची और फिर मौका पाकर विवेक का अपहरण कर लिया। इसके बाद परिजनों से मोटी रकम की मांग की जा रही थी।

इस संबंध में नौहट्टा थाना में कांड संख्या 246/26, दिनांक 19.09.26, धारा 140(2) / 140(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल दो अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Join us on: