रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
फोटो खिंचाने को लेकर मची आपाधापी; गाड़ी पर पथराव का आरोप
भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी को देखने उमड़ी भीड़, अचानक मचा हंगामा फिर गाड़ी पर बरसे पत्थर
नालंदा जिले के बिहारशरीफ स्थित लहेरी थाना क्षेत्र के नाला रोड में एक ज्वेलर्स दुकान के उद्घाटन समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब भोजपुरी अभिनेत्री काजल राघवानी कार्यक्रम में पहुंचीं।
बताया जा रहा है कि काजल राघवानी को देखने और उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए दर्शकों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान फोटो और सेल्फी लेने को लेकर आपाधापी शुरू हो गई और कार्यक्रम स्थल पर हंगामे की स्थिति बन गई।
स्थिति बिगड़ने के बाद काजल राघवानी को वहां से बाहर निकाला गया। इसी दौरान उनकी गाड़ी पर कथित तौर पर पत्थराव किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और भीड़ को शांत कराया।
मामले को लेकर लहेरी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार रजक ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन को लेकर प्रशासनिक स्तर से किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है, ताकि बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित किए जाने के संबंध में स्पष्टीकरण लिया जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और कार्यक्रम के आयोजक से जवाब मांगा जा रहा है।




