70वीं BPSC और 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती मुख्य परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर छात्रों का उग्र प्रदर्शन!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!


पटना में हजारों छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा ओवरब्रिज तक पहुंच गए। छात्र 70वीं BPSC और 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती मुख्य परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। जेपी गोलंबर पर पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्र चिरैयाटांड़ ओवरब्रिज होते हुए विधानसभा की तरफ बढ़ गए।


तस्वीरें राजधानी पटना की हैं। अपनी मांगों को लेकर हजारों छात्र अभ्यर्थी सड़क पर उतरे। BPSC 70वीं PT, 1799 दरोगा भर्ती, BSSC, TRE-4 और लाइब्रेरियन भर्ती में अनियमितता का आरोप लगाते हुए छात्रों ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराने की मांग की।


प्रदर्शन गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से शुरू हुआ। पुलिस ने जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा तक बैरिकेडिंग कर रखी थी। छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर आगे निकल गए। बताया जा रहा है छात्र रामगुलाम चौक, GPO और चिरैयाटांड़ ओवरब्रिज के रास्ते विधानसभा की ओर बढ़े। ओवरब्रिज के ऊपर बैरिकेडिंग नहीं होने का फायदा उठाकर छात्र सीधे विधानसभा ओवरब्रिज तक पहुंच गए।


सूचना मिलते ही पटना पुलिस अलर्ट हो गई। विधानसभा के गेट बंद कर दिए गए, भारी पुलिस बल और दंगा रोधी दस्ते को तैनात किया गया। भीड़ को रोकने के लिए कई जगह धक्का-मुक्की हुई, पुलिस को हल्का बल प्रयोग और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल करना पड़ा।


पुलिस का कहना है स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया। कई छात्र नेताओं को हिरासत में लेकर सचिवालय थाने ले जाया गया है। एहतियात के तौर पर R-Block से GPO जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है।


फिलहाल विधानसभा और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। छात्रों का कहना है जब तक ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।

Join us on: