भारत नेपाल सीमा पर संदिग्ध हालत में युवती पकड़ी गई, मानव तस्करी का मामला आया सामने!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात 18 वीं वाहिनी के जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवती को रोककर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में युवती की गतिविधियां मानव तस्करी से जुड़े मामले मे संदिग्ध रूप से जुड़ी पाई गईं। एसएसबी ने प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद युवती को स्थानीय पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, 18 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा वल के कमांडेंट कोजा राम लोमरोड़ के निर्देश पर सीमा चौकी अर्राहा के कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट अजित कुमार के नेतृत्व में लगदी क्षेत्र में निगरानी की जा रही थी। एस एस बी द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 263/13 के समीप लगाए गए अस्थायी चेक पोस्ट पर एक व्यक्ति भारत से नेपाल जाने के लिए पहुंचा। उसने ड्यूटी पर तैनात जवानों को बताया कि उसे एक लड़की को भूत-प्रेत झाड़ने के लिए नेपाल ले जाना है। जवानों ने वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करने के बाद ही नेपाल जाने की जानकारी दी, जिसके बाद वह व्यक्ति वापस लौट गया। कुछ देर बाद एक युवती चेक पोस्ट पर पहुंची। वह असामान्य व्यवहार कर रही थी। जवानों ने पहचान पत्र मांगा, लेकिन उसके पास कोई वैध पहचान पत्र नहीं था। पूछताछ में उसने अपना नाम मदीना खातून, पिता मोहम्मद बेतराइन, घर लगदी गढ़ियानी, जिला सिरहा, नेपाल बताया। इसी दौरान नेपाल क्षेत्र के लगदी गढ़ियानी गांव के कुछ लोग चेक पोस्ट पर पहुंचे और बताया कि मदीना खातून के साथ शबनम खातून एवं प्रीति कुमारी भी करीब दो दिन पूर्व गांव से लापता हुई थी। प्रीति कुमारी के पिता राम हृदय यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि मदीना उनकी बेटी प्रीति एवं शबनम को बहला- फुसलाकर अपने साथ ले गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी ने लदनियां थाना एवं एनजीओ सर्वो प्रयास संस्थान को सूचना दी। पुलिस एवं एनजीओ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंच कर पूछताछ की। पूछताछ में मदीना ने कथित तौर पर बताया कि दोनों युवतियों को उसके रिश्तेदार जन्नत खातून के माध्यम से दरभंगा से मुंबई भेजा गया है। जन्नत खातून डुमरियाही, थाना खजौली, जिला मधुबनी की बताई गई है और वर्तमान में पति के साथ मुंबई में रहती है। शबनम की मां ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी एवं प्रीति को विदेश भेजने के उद्देश्य से मुंबई में बेच दिया गया है। प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर मदीना की मानव तस्करी से संबंधित गतिविधियों में संलिप्तता संदिग्ध पाई गई। एसएसबी ने उसे आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर लदनियां थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले से जुड़े अन्य लोगों तथा संभावित मानव तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।

Join us on: