रिपोर्ट – संतोष चौहान!
सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए 220.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया। गांजा एक क्रेटा कार में लादकर ले जाया जा रहा था। पुलिस की भनक लगते ही कार में सवार दो तस्कर वाहन छोड़कर पटुआ और केले के खेत की ओर भाग निकले। पुलिस ने गांजा लदी क्रेटा कार (BR01EY9705) जब्त कर ली है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 88 लाख बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि नरपतगंज की ओर से राघोपुर की तरफ सफेद रंग की क्रेटा कार से गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष रौशन कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने एनएच-27 स्थित बेलही पुल के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार पुलिस वाहन को देखकर पुल से करीब 100 मीटर पहले रुक गई। कार में बैठे दोनों व्यक्ति उतरकर खेत की ओर भाग गए। घना खेत और अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों फरार हो गए।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो बीच की सीट और डिक्की से आठ प्लास्टिक के बोरे मिले। राहगीरों ने जब्ती प्रक्रिया में साक्षी बनने से इनकार कर दिया। इसके बाद सिपाही 825 मणिशंकर कुमार और महिला सिपाही 127 प्रिया सिंह को विधिवत साक्षी बनाया गया।
अंचलाधिकारी प्रतापगंज कुमार विकास की मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक तराजू से गांजे की मापी कराई गई। आठों बोरों से क्रमशः 32.350, 32.540, 32.580, 32.570, 32.450, 20.240, 21.180 और 16.130 किलोग्राम गांजा मिला। कुल वजन 220.100 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए जब्ती सूची तैयार की।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे प्रतापगंज थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों और वाहन मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। वाहन मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।



