आरा/आशुतोष पाण्डेय
भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड में शनिवार की रात दुकान बंद कर घर लौट रहे एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली युवक की गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित की पहचान कुरमुरी गांव निवासी भोला साह, पिता शिव दयाल साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भोला साह देव से अपनी सोना-चांदी और बर्तन की दुकान बंद कर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुरमुरी-तरारी नहर पथ पर चंदा फाल के समीप अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
गोली लगने के बाद घायल भोला साह किसी तरह फतेहपुर बाजार पहुंचे, जहां सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान गश्ती से लौट रही आपातकालीन सेवा 112 की टीम की नजर सड़क पर पड़े युवक पर पड़ी। पुलिस टीम ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए पीरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गोली चलाने वाले बदमाश कौन थे और युवक को गोली क्यों मारी गई, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन करने के साथ घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।




