आरा/आशुतोष पाण्डेय!
मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से राज्य के 1.05 करोड़ से अधिक पेंशनधारियों को भेजी पेंशन राशि।
आरा। 10 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत राज्य के 1.05 करोड़ से अधिक पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि का अंतरण किया। इस क्रम में भोजपुर जिले के विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े कुल 2,77,312 पेंशनधारियों के खातों में 33 करोड़ 59 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई।
सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि अंतरण को लेकर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जरूरतमंद एवं पात्र लाभुकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पेंशन राशि को सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और सुगम हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर और बिना किसी परेशानी के पेंशन योजना का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में भोजपुर के जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को समय पर पेंशन राशि उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में राशि पहुंचने से पेंशनधारियों को पारदर्शी और सुगम तरीके से योजना का लाभ मिल रहा है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पेंशन से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए। बड़ी संख्या में पेंशनधारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।




