मुंगेर- छापेमारी को गई उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, 3 पदाधिकारी समेत 5 जख़्मी!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

उत्पाद विभाग की टीम पर शराब कारोबारियों ने किया पथराव, तीन गिरफ्तार, तीन पुलिस पदाधिकारी और दो होमगार्ड जवान घायल, वाहन का शीशा टूटा; दो नामजद आरोपित फरार।

-मुंगेर : अवैध शराब के कारोबार की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची जिला उत्पाद विभाग की टीम पर शराब कारोबारियों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले में तीन पुलिस पदाधिकारी और दो होमगार्ड जवान को हल्की चोटें आईं। पथराव में उत्पाद विभाग के वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दो आरोपित मौके से फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के लाल दरवाजा इलाके की है। बताया जा रहा है की जिला उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि लाल दरवाजा निवासी विनोद यादव ने श्रीकृष्ण सेतु के पुल संख्या 34 और 35 के समीप स्थित अपने बासा के आसपास अवैध शराब छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग के निरीक्षक मध्ध निषेध धर्मवीर कुमार, अवर निरीक्षक पिंटू साह, जमादार रमाकांत राम, बृजमोहन भगत और पुलिस जवानों की टीम छापेमारी के लिए मौके पर पहुंची।
टीम ने विनोद यादव से पूछताछ करने के बाद खेत में बनी झोपड़ी के आसपास जांच शुरू की। इसी दौरान आरोप है कि विनोद यादव के पुत्र विकास यादव उर्फ विपिन कुमार ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और विकास यादव, धर्मवीर यादव, रौशन कुमार तथा राजेश कुमार ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया।

अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस पदाधिकारियों ने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सभी मौके से भाग निकले। पथराव में उत्पाद विभाग के वाहन का एक शीशा टूट गया। वहीं, अवर निरीक्षक पिंटू साह, जमादार रमाकांत राम, बृजमोहन भगत तथा होमगार्ड जवान विकास कुमार और निषाद कुमार को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों का सदर अस्पताल में उपचार कराया गया।घटना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने लाल दरवाजा टीओपी पुलिस के सहयोग से इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने विनोद यादव और उसके दो पुत्र विकास यादव तथा धर्मवीर यादव को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

सहायक आयुक्त मद्यनिषेध विकेश कुमार ने बताया कि लाल दरवाजा निवासी विनोद यादव और उसके पुत्रों द्वारा दोबारा अवैध शराब का कारोबार शुरू किए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम छापेमारी करने पहुंची थी। छापेमारी के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें तीन पुलिस पदाधिकारी और दो होमगार्ड जवान को चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में कोतवाली थाना में पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें विनोद यादव, उसके पुत्र विकास यादव, धर्मवीर यादव, रौशन कुमार और राजेश कुमार शामिल हैं। विनोद यादव सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि रौशन कुमार और राजेश कुमार फरार हैं।
सहायक आयुक्त ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ उत्पाद थाना और कोतवाली थाना में अवैध शराब की खरीद-बिक्री से संबंधित कई मामले पहले से दर्ज हैं। आरोपित पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े आरोपितों ने पुलिस टीम को भयभीत कर कार्रवाई रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

बाइट :सहायक आयुक्त मद्यनिषेध विकेश कुमार

Join us on: