रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग अंतर्गत बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन (BPSM) द्वारा जारी राज्य स्तरीय रैंकिंग में खगड़िया जिले ने लोक सेवाओं का अधिकार (RTPS) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
यह उपलब्धि जिले में लोक सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी, सुगम एवं त्वरित रूप से आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों का परिणाम है।
जिला प्रशासन द्वारा RTPS से संबंधित सेवाओं के निष्पादन की नियमित समीक्षा, लंबित मामलों की सतत निगरानी तथा निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया जाता रहा है। इसके परिणामस्वरूप खगड़िया ने राज्य स्तरीय रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
जिला प्रशासन द्वारा इस उपलब्धि के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी नागरिकों को बेहतर, समयबद्ध एवं पारदर्शी लोक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की बात कही गई है।
यह उपलब्धि सुशासन और जनसेवा के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है।




