रिपोर्ट – अमित कुमार!
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों को लेकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेवा को धर्म और कर्म को पूजा माना है।
नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री के बचपन से ही सेवा की भावना रही है। उन्होंने अपने पुराने प्रसंगों का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब सहपाठी की मदद के लिए नरेंद्र मोदी ने नाटक का मंचन कर पैसे जुटाए और उससे स्कूल ड्रेस और किताब खरीदने में मदद की थी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में भी नरेंद्र मोदी ने गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार काम किया है। 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद दिवस’ के रूप में घर-घर दीप जलाकर प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों के प्रति सम्मान और आशीर्वाद व्यक्त किया जाएगा।
वहीं, बिहार में बाढ़ की स्थिति पर नित्यानंद राय ने कहा कि बाढ़ ने कई जिलों में गंभीर स्थिति पैदा की है और लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और बिहार सरकार की ओर से राहत और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रभावित इलाकों में सामुदायिक रसोई, पशुओं के लिए चारा, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस और राहत कार्य चलाए जा रहे हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी लोगों की समस्याएं बनी रहती हैं, इसलिए सरकार और जनप्रतिनिधि राहत एवं पुनर्वास के लिए लगातार प्रयास करेंगे।




