राजधानी के बाढ़ में घात लगाये बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या की!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

अथमलगोला थानाक्षेत्र में मेले से घर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या, दो गोलियों के निशान मिले; परिजनों ने पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप!

बाढ़ अथमलगोला थाना क्षेत्र के दक्षिणीचक गांव में बीती रात बदमाशों ने करीब 35 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान दक्षिणीचक निवासी ललन पुरी के रूप में हुई है। वारदात के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, ललन पुरी मेलों और बाजारों में फेरी लगाकर सिंदूर, टिकली, माला सहित अन्य श्रृंगार सामग्री बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था । बताया गया कि बीती रात करीब 12 से 1 बजे के बीच वह रूपस मेले में अपनी दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहा था । इसी दौरान रेलवे लाइन और गुमटी के समीप घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. ए. रहमान के अनुसार, मृतक के शरीर पर गोली लगने के दो निशान मिले हैं। एक गोली बायीं आंख के नीचे लगकर बाहर निकल गई, जबकि दूसरी गोली दाहिने हाथ की कोहनी के पास लगी, जिसे शरीर से बरामद कर लिया गया।

पड़ोसी पर हत्या का आरोप

मृतक के भाई जीतू पुरी और पत्नी गुंजन देवी ने पड़ोस में रहने वाले शंकर महतो पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि रक्षाबंधन से पहले हुए विवाद के बाद घर के बाहर खड़ी उनकी मोपेड में आग लगा दी गई थी। इसके बाद परिवार को लगातार फोन कर जान से मारने और उठा ले जाने की धमकियां भी दी जा रही थीं।

पत्नी और तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

ललन पुरी अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। घटना के बाद पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से नामजद आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, अथमलगोला थाना पुलिस का कहना है कि हत्या के मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जायेगी!

बाईट – गुंजन देवी मृतक ललन पूरी की पत्नी
डॉ ए रहमान चिकित्सा पदाधिकारी बाढ़

Join us on: