दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार!
दरभंगा। बहादुरपुर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। EOU की अलग-अलग टीमों ने BDO से जुड़े पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है।
जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर प्रखंड के जनकपुरी मोहल्ला स्थित किराए के आवास और कार्यालय समेत अन्य ठिकानों पर EOU की टीम तलाशी ले रही है। छापेमारी के दौरान BDO आनंद कुमार विभूति आवास पर मौजूद नहीं थे। वहीं, उनकी पत्नी से EOU की टीम पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर स्थित BDO कार्यालय में भी EOU की टीम ने तलाशी अभियान चलाया है। आनंद कुमार विभूति का कुछ महीने पहले ही मुजफ्फरपुर के कांटी प्रखंड से तबादला होकर बहादुरपुर BDO के पद पर पदस्थापन हुआ था।
1.71 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
निगरानी विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, आनंद कुमार विभूति के खिलाफ उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य सामने आया है। जांच में 1 करोड़ 71 लाख 84 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति उनकी ज्ञात आय से अधिक पाए जाने की बात कही गई है।
विज्ञप्ति के अनुसार, यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय की तुलना में करीब 121.87 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
EOU की यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के मामले में दर्ज शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर की जा रही है। फिलहाल पांचों ठिकानों पर तलाशी और पूछताछ का सिलसिला जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद नकदी, दस्तावेज, आभूषण, संपत्ति और अन्य सामान से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
बाइट-1: जांच अधिकारी, EOU
बाइट-2: स्थानीय/प्रत्यक्षदर्शी (WT)



