रिपोर्ट – अमित कुमार!
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने दो दिन पूर्व की थी आर्थिक सहायता की घोषणा
विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए चयनित रिया और भवानी को शिक्षा मंत्री ने सौंपे 2-2 लाख रुपये के चेक
विश्व ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में चयनित गोपालगंज की प्रतिभावान खिलाड़ी रिया सिंह और भवानी सिंह को आज शिक्षा मंत्री माननीय श्री मिथिलेश तिवारी ने 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने दो दिन पूर्व दोनों खिलाड़ियों को विदेश यात्रा एवं अन्य खर्चों के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। दोनों खिलाड़ियों को सहायता उपलब्ध कराने की पहल शिक्षा मंत्री श्री तिवारी द्वारा की गई थी।
विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, “रिया और भवानी ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से बिहार का नाम रोशन किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि दोनों विश्व मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश को गौरवान्वित करेंगी।”
उन्होंने इस दिशा में त्वरित कार्रवाई के लिए माननीय मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के होनहार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा ताकि उन्हें बेहतर अवसर और मंच मिल सके।



