UBI के एमडी एवं सीईओ ने साइबर फ्रॉड और OTP को लेकर ग्राहकों को किया जागरूक।

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

पटना। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (MD & CEO) श्री आशीष पाण्डेय पटना दौरे पर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने अंचल कार्यालय पटना एवं क्षेत्रीय कार्यालय पटना की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली तथा बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संवाद किया। पटना स्थित होटल मौर्य में आयोजित समारोह के दौरान श्री आशीष पाण्डेय ने प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन और बढ़ते साइबर फ्रॉड को लेकर आम ग्राहकों को विशेष रूप से सावधान रहने की अपील की।
लालच और फर्जी ऑफर से रहें सावधान मीडिया से बातचीत के दौरान यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एमडी एवं सीईओ आशीष पाण्डेय ने कहा कि आज के समय में साइबर अपराधी लोगों को तरह-तरह के लालच, इनाम, कैशबैक, फर्जी लिंक और अन्य प्रलोभनों के माध्यम से ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने ग्राहकों को विशेष रूप से OTP (One Time Password), PIN, पासवर्ड और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि ग्राहक किसी लालच या फर्जी ऑफर के चक्कर में अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करते हैं, तो उनके खाते से पैसे निकाले जा सकते हैं। श्री पाण्डेय ने कहा कि UPI का इस्तेमाल करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक करने, स्क्रीन शेयर करने या किसी के कहने पर UPI PIN डालने से बचना चाहिए। किसी भी प्रकार की शंका या बैंकिंग संबंधी परेशानी होने पर सीधे अपने बैंक की शाखा या अधिकृत बैंकिंग माध्यम से संपर्क करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जागरूकता और सावधानी से बैंकिंग फ्रॉड के मामलों से काफी हद तक बचा जा सकता है। ग्राहकों को किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या ऑनलाइन ऑफर पर तुरंत विश्वास नहीं करना चाहिए।
इस अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के बिहार एवं झारखंड के विभिन्न बैंक प्रबंधक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बैंकिंग सेवाओं को बेहतर बनाने, ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग उपलब्ध कराने तथा साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों से अपील की कि वे सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाएं और किसी भी परिस्थिति में OTP, UPI PIN या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

Join us on: