SSB ने 13 वर्षीय नाबालिग सहित दो युवतियों को सुरक्षित संरक्षण में लिया!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के भारत नेपाल सीमा सुरक्षा को लेकर मुस्तैद 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के ‘सी’ कम्पनी, पिपरौन के अंतर्गत पिपरौन जटही चेक पोस्ट पर नियमित रूटीन ड्यूटी एवं सीमा जांच के दौरान मानव तस्करी की आशंका वाले मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो भारतीय युवकों एवं दो भारतीय युवतियों को अभिरक्षा में लिया गया। गौरतलब हो की इनमें एक 13 वर्षीय नाबालिग युवती भी शामिल है।
दिनांक 07.09.2026 को लगभग 5.10 बजे, सीमा स्तंभ संख्या 284/35 से लगभग 20 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र मे पिपरौन जटही सीमा के निकट भारत से नेपाल की ओर जा रहे दो युवकों एवं दो युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में देखा गया। एस एस बी ड्यूटी पार्टी द्वारा सभी को रोककर पहचान सत्यापन एवं पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया तथा महिला कार्मिक की उपस्थिति में दोनों युवतियों से अलग से पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों युवतियों की संबंधित युवकों से लगभग तीन माह पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। आगे की पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि लगभग तीन दिन पूर्व दोनों युवतियों को बेनीपट्टी में आयोजित एक डांस कार्यक्रम में बुलाया गया था, जिसके बदले में उन्हें ₹8,000 दिए गए थे।
प्राप्त जानकारी एवं परिस्थितियों के आधार पर जवानो को आशंका हुई कि दोनों युवतियों को बहला-फुसलाकर नेपाल ले जाया जा रहा था, जहां उन्हें किसी असामाजिक गतिविधि में शामिल किए जाने की संभावना थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एस एस बी द्वारा दोनों युवतियों को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया तथा चारों व्यक्तियों को आवश्यक अग्रेतर वैधानिक कार्रवाई हेतु अभिरक्षा में लिया गया। अभिरक्षा में लिए गए व्यक्ति का पहचान कृष्ण कुमार महता,लगभग 19 वर्ष,
पिता भोला महतो, गांव बेनीपट्टी, जिला–मधुबनी, अमित कुमार, लगभग 22 वर्ष,पिता राम कुमार साह, गांव नंदी भोजी चौक, पोस्ट–मानपौर, थाना–बेनीपट्टी, जिला–मधुबनी के रूप मे किया गया है। वही सुरक्षित संरक्षण में ली गई युवतियों की पहचान
13 वर्षीय नाबालिग युवती, जो पश्चिम बंगाल की रहने वाली बताई गई। 18 वर्षीय युवती को लेकर भी बताया गया है की वे भी पश्चिम बंगाल की रहने वाली है।

नाबालिग एवं युवतियों की सुरक्षा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए उनके नाम, मोबाइल नंबर एवं विस्तृत व्यक्तिगत पहचान संबंधी विवरण सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं।
प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु दोनों युवतियों को हरलाखी थाना की उपस्थिति में संबंधित एन जी ओ को सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं दोनों युवकों के संबंध में थाना हरलाखी द्वारा नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है। विशेषकर नाबालिग की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
मामले को लेकर कमांडेंट राजेन्द्र कुमार 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर ने कहा है कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा एस एस बी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। सीमा क्षेत्र में मानव तस्करी एवं इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए हमारे जवान पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर आगे भी त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

Join us on: