आरा/आशुतोष पाण्डेय
भाकपा माले नेता क्यामुद्दीन अंसारी ने जिला प्रशासन से जांच व कार्रवाई की मांग की
आरा, 7 सितंबर। आरा सदर प्रखंड के लक्ष्मणपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर में बाढ़ पीड़ितों के बीच कथित तौर पर एक्सपायरी दवा वितरित किए जाने का मामला सामने आया है। भाकपा माले राज्य स्थायी समिति सदस्य एवं आरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी क्यामुद्दीन अंसारी ने प्रेस बयान जारी कर जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
क्यामुद्दीन अंसारी के अनुसार, राहत शिविर में दवा वितरण के दौरान ग्रामीणों की नजर दवा के एक्सपायरी लेबल पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया और आरा-बड़हरा मार्ग को जाम कर दिया। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने निकले क्यामुद्दीन अंसारी को जब मामले की जानकारी मिली तो वे तत्काल लक्ष्मणपुर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें कथित एक्सपायरी दवाएं भी दिखाईं।
माले नेता ने आरोप लगाया कि बाढ़ पीड़ितों के बीच एक्सपायरी दवा का वितरण गंभीर लापरवाही है। उन्होंने भोजपुर जिलाधिकारी एवं सिविल सर्जन से मामले की जांच कर राहत शिविर के प्रभारी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की।
आपदा सूची में गड़बड़ी का भी लगाया आरोप
क्यामुद्दीन अंसारी ने बाढ़ राहत के लिए तैयार आपदा सूची में भी व्यापक गड़बड़ी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में वास्तविक बाढ़ पीड़ितों के नाम सूची से गायब हैं। उन्होंने जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग से वंचित सभी बाढ़ पीड़ितों के नाम सूची में शामिल करने तथा सूची का शीघ्र सार्वजनिक प्रकाशन कराने की मांग की, ताकि राहत वितरण में पारदर्शिता बनी रहे।
दो दर्जन गांवों में सामुदायिक किचन चलाने की मांग
माले नेता ने आरा सदर प्रखंड में संचालित सामुदायिक किचन की व्यवस्था पर भी असंतोष जताया। उन्होंने भकुरा, पिपरा, बारा, बसंतपुर, श्रीनगर, लक्ष्मणपुर, धुधुआं, बलुआं, दौलतपुर, डुमरा, पीरौंटा, यादवपुर, चौमुखा, पिपरा जयपाल, जगवलिया, मोहनपुर, देवढ़ी, कड़रा, महुली, बलुआ और तेनुआं समेत करीब दो दर्जन बाढ़ प्रभावित गांवों में सामुदायिक किचन शुरू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सभी बाढ़ प्रभावित पंचायतों में आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा सरकारी कर्मचारियों की निगरानी में प्लास्टिक तंबू का वितरण किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुखियों द्वारा तंबू वितरण में भी अनियमितता की शिकायतें सामने आ रही हैं।
इस दौरान क्यामुद्दीन अंसारी के साथ भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य सह आरा मुफस्सिल सचिव विजय ओझा, किसान नेता हरेराम सिंह, धनोज यादव, राजद नेता मुन्ना यादव, पंचायत समिति सदस्य जनार्दन गोंड़ और मनीष यादव समेत अन्य लोग मौजूद थे।




